पांवटा साहिब : फीस बढ़ोतरी के खिलाफ पांवटा में छात्रों की बड़ी मुहिम, 1,375 हस्ताक्षरों के साथ सरकार तक पहुंची आवाज

पांवटा साहिब: फीस वृद्धि के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की पांवटा साहिब इकाई ने छात्रों के बीच चलाए गए हस्ताक्षर अभियान को आगे बढ़ाते हुए 1,375 विद्यार्थियों के हस्ताक्षर प्रदेश सरकार तक पहुंचाए हैं। परिषद ने हस्ताक्षरों को मुख्यमंत्री के नाम पत्र के साथ स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा है।
ABVP का कहना है कि फीस बढ़ने से विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ेगा। खासकर मध्यमवर्गीय, ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले छात्रों के लिए बढ़ी हुई फीस शिक्षा जारी रखने में परेशानी पैदा कर सकती है।
परिषद के अनुसार, अभियान के दौरान 1,375 विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर कर फीस वृद्धि के फैसले पर अपनी असहमति जताई। संगठन ने इसे छात्रों की सामूहिक चिंता और विरोध की आवाज बताते हुए सरकार से इस फैसले पर दोबारा विचार करने की मांग की है।


ABVP पांवटा साहिब इकाई के अध्यक्ष मनीष समटा ने कहा कि संगठन हमेशा विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में छात्रों का अभियान से जुड़ना बताता है कि फीस वृद्धि को लेकर विद्यार्थियों में चिंता है।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि शिक्षा से जुड़े फैसले लेते समय विद्यार्थियों और अभिभावकों की आर्थिक स्थिति को भी ध्यान में रखा जाए। उनका कहना है कि आर्थिक कारणों से किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

ABVP ने प्रदेश सरकार से फीस वृद्धि के फैसले पर पुनर्विचार करते हुए इसे वापस लेने की मांग की है। परिषद ने कहा कि छात्रों की समस्याओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर वह आगे भी अपनी आवाज उठाती रहेगी।
जारीकर्ता: अनिकेत भंडारी इकाई मंत्री, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, पांवटा साहिब।


