पांवटा साहिब में 8 ग्राम चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार, माजरा पुलिस ने घर में दबिश देकर पकड़ा

पांवटा साहिब: सिरमौर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माजरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने जगतपुर इलाके में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 8 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मोहम्मद इकराम पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी जगतपुर, डाकघर मिश्रवाला, तहसील पांवटा साहिब के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, माजरा पुलिस की टीम जगतपुर चौक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जगतपुर में मदरसे के सामने स्थित एक घर में नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है।


सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने 8 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इस संबंध में थाना माजरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास नशीला पदार्थ कहां से आया और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

मामले की जांच जारी है। पुलिस द्वारा नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और संभावित संपर्कों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


