पांवटा साहिब में दर्दनाक हादसा: अचानक यू-टर्न बना मौ**त की वजह, बाइक सवार युवक की मौके पर मौ**त

सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पुलिस थाना पुरूवाला क्षेत्र के अंतर्गत ज्वालापुर चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर हुए इस हादसे में एक बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना 5 अगस्त की है। प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि वह ज्वालापुर चौक के पास अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान पांवटा साहिब की ओर से राजबन की तरफ जा रहा एक टैम्पू (छोटा हाथी) अचानक बिना किसी संकेत या इंडिकेटर के यू-टर्न लेने लगा।
उसी समय पांवटा साहिब की ओर से एक मोटरसाइकिल आ रही थी, जिस पर तीन युवक सवार थे। टैम्पू के अचानक मुड़ने से बाइक चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और मोटरसाइकिल सीधे टैम्पू से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।


हादसे में बाइक चला रहे अर्जुन निवासी गांव निहालगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार नीरज और राकेश घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों की मदद करते हुए पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस की शुरुआती जांच में टैम्पू चालक की पहचान मनोज निवासी गांव टिटियाणा के रूप में हुई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चालक ने बिना किसी संकेत के अचानक यू-टर्न लिया, जिससे यह हादसा हुआ।

पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्य सामने आने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे पर वाहन मोड़ते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करें और इंडिकेटर का उपयोग अवश्य करें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

