परीक्षा से एक दिन पहले थम गई नेहा की जिंदगी: हिमाचल की 21 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौ*त से पसरा मातम

मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां 21 वर्षीय छात्रा नेहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार, रिश्तेदारों और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार नेहा मूल रूप से रोहांडा क्षेत्र के छिछड़ गांव की रहने वाली थी। वह सुंदरनगर में रहकर एक निजी संस्थान से अकाउंट्स में डिप्लोमा कर रही थी। बताया जा रहा है कि उसके अकाउंट्स विषय की परीक्षा अगले दिन होने वाली थी और वह इसकी तैयारी में जुटी हुई थी।
मंगलवार को नेहा अपने किराये के कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली। घटना का पता तब चला जब उसकी बड़ी बहन जान्हवी अपने कंप्यूटर कोर्स से वापस लौटी। कमरे में पहुंचने पर उसने नेहा को अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
परिजनों के अनुसार नेहा पढ़ाई में काफी मेहनती और प्रतिभाशाली छात्रा थी। उसका सपना अकाउंट्स के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना था। परिवार का कहना है कि वह अपने लक्ष्य को लेकर गंभीर थी और आने वाले समय के लिए कई योजनाएं बना रही थी।

नेहा की अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। गांव में भी शोक की लहर है। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, रिश्तेदारों और परिचितों ने नम आंखों से उसे अंतिम विदाई दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।


