सिरमौर में इंसानियत की मिसाल: 10 मिनट में AB नेगेटिव रक्तदाता ने पहुंच बचाई गर्भवती महिला की बचाई जान

नाहन/श्री रेणुका जी: सिरमौर जिले में जरूरत के समय रक्तदान कर एक व्यक्ति ने इंसानियत की मिसाल पेश की। रेणुका जी तहसील के खाला क्यार गांव की एक गर्भवती महिला को आपात स्थिति में AB नेगेटिव रक्त की जरूरत थी। महिला का हीमोग्लोबिन कम होने के कारण डॉक्टरों ने तत्काल रक्त की आवश्यकता बताई।
मेडिकल कॉलेज नाहन के ब्लड बैंक में जांच के दौरान AB नेगेटिव रक्त उपलब्ध नहीं था। ऐसे में परिजनों के सामने रक्तदाता की तलाश करना बड़ी चुनौती बन गया। बुधवार शाम करीब 4 बजे इसकी जानकारी ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी, सिरमौर को मिली।
सोसाइटी के संचालक ईशान राव के माध्यम से सदस्य राम पाल से संपर्क किया गया। सूचना मिलते ही राम पाल ने बिना समय गंवाए रक्तदान के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन का रुख किया। बताया गया कि वह करीब 10 मिनट में ब्लड बैंक पहुंच गए और जरूरतमंद महिला के लिए रक्तदान किया।


राम पाल का यह 9वां रक्तदान था। उनकी इस तत्परता और सेवा भावना की ब्लड बैंक की स्टाफ नर्स स्वाति पुंडीर ने सराहना की। इस अवसर पर उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
AB नेगेटिव रक्त समूह सामान्य रक्त समूहों की तुलना में कम पाया जाता है। इसलिए आपात स्थिति में इस रक्त समूह के नियमित रक्तदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। राम पाल ने जरूरत के समय आगे आकर एक परिवार की परेशानी कम करने में योगदान दिया।

ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी ने लोगों से अपील की है कि स्वस्थ लोग स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आएं। नियमित रक्तदान से अस्पतालों में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलती है।


