सिरमौर: राजगढ़ में कार से पकड़ा गया चिट्टा, तीन युवक गिरफ्तार….

सिरमौर: सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4.80 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, डिटेक्शन सेल राजगढ़ की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ युवक एक कार में नशीला पदार्थ लेकर सोलन की ओर से राजगढ़ की तरफ आ रहे हैं। सूचना को/ गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने बताए गए वाहन को रोककर उसकी जांच की। तलाशी के दौरान कार में सवार तीन युवकों के पास से कुल 4.80 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।


गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शुभम ठाकुर, विवेक चौहान और मिथुन आर्य के रूप में हुई है। तीनों राजगढ़ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। बरामद नशीले पदार्थ को पुलिस ने कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।

सिरमौर पुलिस लगातार नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क से अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं। जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।


