देवभूमि हिमाचल में रूस की युवती की संदिग्ध मौ*त, होम स्टे के बाथरूम में मिला श*व…

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी कसोल में एक रूसी युवती का शव होम स्टे के बाथरूम में मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती की मौत नशे के ओवरडोज के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार रूस की रहने वाली 29 वर्षीय डारिया कुज्मिनिख अपनी मित्र नताल्या के साथ कुछ दिन पहले कसोल घूमने आई थी। दोनों एक स्थानीय होम स्टे में ठहरी हुई थीं। नताल्या ने बताया कि उसने अपनी मित्र को बाथरूम में अचेत अवस्था में पाया। जांच करने पर युवती की मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी तुरंत होम स्टे प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।


मृतका के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों या संबंधित दूतावास के प्रतिनिधि के आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में किसी आपराधिक घटना या साजिश की बात सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


