हिमाचल की रग्बी टीमों ने रचा इतिहास, पहली बार नेशनल गेम्स में उतरकर बॉयज और गर्ल्स दोनों ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह…
शिमला/दिल्ली, 2 नवंबर 2026। हिमाचल प्रदेश की रग्बी टीमों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के 70वें नेशनल गेम्स के तहत दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित अंडर-19 बॉयज और गर्ल्स रग्बी प्रतियोगिता में हिमाचल की दोनों टीमों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। खास बात यह है कि हिमाचल की टीमें पहली बार इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं।
दोनों टीमों की इस सफलता से प्रदेश के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन खेल और मजबूत टीम भावना के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की है।
गर्ल्स टीम ने मणिपुर और असम को दी शिकस्त

प्रतियोगिता के लीग मुकाबलों में हिमाचल की गर्ल्स टीम ने शानदार खेल दिखाया। टीम ने मणिपुर और असम जैसी मजबूत टीमों को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। खिलाड़ियों के बेहतरीन तालमेल और प्रदर्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इस सफलता में बॉयज टीम के कप्तान आर्यन और गर्ल्स टीम की कप्तान स्नेहा सिरमौर की अहम भूमिका रही। दोनों कप्तानों ने अपनी टीमों का शानदार नेतृत्व किया।

कोच और संगठन की मेहनत लाई रंग
टीमों की इस उपलब्धि के पीछे कोच अनिल सोलंकिया, सुषमा रानी, राहुल चौधरी और सुनील सुधीर की मेहनत और प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
वहीं, रग्बी संगठन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. विकास सूद और महासचिव डॉ. विशाल सरीन सहित संगठन के सदस्यों ने खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया और उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता तक पहुंचाने में सहयोग दिया।
खिलाड़ियों को मिल रही बधाइयां
इस उपलब्धि पर खेल विभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर संतोष चौहान, टेक्निकल मेंबर सुरेंद्र शर्मा, राकेश, एमआर संख्यान, सिरमौर की एडीपीओ दीपिका गुरंग, धर्मेंद्र चौधरी, पवन चौधरी, एनपीएस नारंग और सुखविंदर चौधरी ने खिलाड़ियों व कोचों को बधाई दी।
रग्बी संगठन और खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई है कि हिमाचल की दोनों टीमें क्वार्टर फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन करेंगी और पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।


