हिमाचल में दो मासूम हुए बेसहारा: मंडी में 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौ**त, पति गिरफ्तार…..
मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर से एक दुखद मामला सामने आया है। यहां 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव उसके घर से बरामद हुआ। मामले में मृतका की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की मौत के बाद उसके दो छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।
मामला सुंदरनगर उपमंडल के बीएसएल कॉलोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पन्याली गांव का है। मृतका की पहचान नीलम कुमारी (30) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। खासतौर पर उसकी पीठ और दोनों टांगों पर नीले निशान पाए गए हैं। इन निशानों के सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
मां ने दामाद पर लगाए गंभीर आरोप

मृतका की मां बिंती देवी ने पुलिस को दी शिकायत में अपने दामाद लज्जी राम पर बेटी के साथ मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लज्जी राम शराब पीने का आदी है और अक्सर नीलम के साथ मारपीट करता था। मां ने आरोप लगाया कि लगातार होने वाली प्रताड़ना और मारपीट के कारण ही उनकी बेटी की जान गई है।
शिकायत मिलने के बाद बीएसएल कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
वहीं, नीलम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसके दो छोटे बच्चों की मां अब इस दुनिया में नहीं रही। घटना के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।



