Himachal News Alert: हिमाचल में आग का तांडव! जंगल की लपटों ने ली 9 बेजुबानों की जान, 1 लाख की नकदी भी राख

Himachal News Alert: शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के अंतर्गत झाकड़ी बाजार के समीप ब्रौनी खड्ड के ऊपर स्थित जंगल में लगी भीषण आग से भारी नुकसान हो गया।
Himachal News Alert: हिमाचल में आग का तांडव! जंगल की लपटों ने ली 9 बेजुबानों की जान, 1 लाख की नकदी भी राख
जंगल से उठी लपटों ने एक चरवाहे के डेरे को चपेट में ले लिया जिससे 9 बकरियां जिंदा जल गई। यह डेरा अंशुल सिंह पुत्र कपूर सिंह निवासी गांव खड़काग डाकघर झाकड़ी तहसील रामपुर जिला शिमला का था।
बताया जा रहा है कि ब्रौनी खड्ड के ऊपर स्थित जंगल में आग लगी हुई थी। देखते ही देखते आग पीड़ित चरवाहे अंशुल सिंह के डेरे तक जा पहुंची। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।


इससे उनके डेरे में बंधी 9 बकरियां जिंदा जल गईं। किसी तरह दो मेमने घायल अवस्था में वहां से निकल पाए, जो अभी भी जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
इतना ही नहीं डेरे में मौजूद सारा सामान भी जलकर राख हो गया, जिसमें कपड़े, सोलर लाइट, टॉर्च, राशन, बर्तन, एंड्रॉइड मोबाइल, पावर बैंक और दो टैंट शामिल थे।

अंशुल ने 19 अप्रैल को ही अपनी 7 भेड़ें बेचकर 1 लाख रुपये की नकदी जमा की थी, जो आग की भेंट चढ़ गई। पीड़ित के अनुसार, उन्हें कुल 2.50 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है।
इस हादसे ने अंशुल के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार ने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि इस भारी नुकसान का उचित आकलन कर जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए ताकि वे दोबारा अपनी आजीविका शुरू कर सकें।

Our passionate journalist at Newsghat, dedicated to delivering accurate and timely news from Paonta Sahib, Sirmaur, and rural areas. With a focus on community-driven stories, we ensures that every report reaches you with clarity and truth. At Newsghat, it’s all about “आपकी बात”!

