हिमाचल में पटवारी और पंचायत सचिव भर्ती परीक्षा की तारीखें घोषित, जानें कब होंगे एग्जाम
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर ने पटवारी और पंचायत सचिव के पदों पर भर्ती के लिए होने वाली परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। दोनों परीक्षाएं टैबलेट आधारित प्रणाली के माध्यम से आयोजित की जाएंगी।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन के अनुसार, पटवारी भर्ती (पोस्ट कोड 25027) की परीक्षा 23 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित होगी। वहीं, पंचायत सचिव भर्ती (पोस्ट कोड 26005) के लिए परीक्षा 4 दिसंबर से 6 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है।
एडमिट कार्ड और रोल नंबर ऐसे करें डाउनलोड

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड परीक्षा से करीब एक सप्ताह पहले उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर एक विशेष लिंक सक्रिय किया जाएगा। अभ्यर्थी इस लिंक के माध्यम से अपना रोल नंबर और एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
इसके अलावा आयोग की ओर से परीक्षा केंद्र और रोल नंबर से जुड़ी जानकारी अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन पर एसएमएस के जरिए भी भेजी जाएगी।

आयोग ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें। साथ ही अपने मोबाइल पर आने वाले एसएमएस और ई-मेल पर भी नजर बनाए रखें, ताकि परीक्षा से जुड़ी कोई जरूरी सूचना छूट न जाए।
असिस्टेंट स्टाफ नर्स को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में मिलेगी राहत
वहीं, असिस्टेंट स्टाफ नर्स भर्ती (पोस्ट कोड 26044) के अभ्यर्थियों के लिए भी आयोग ने जरूरी जानकारी साझा की है। इस भर्ती के तहत 6 से 19 नवंबर 2026 तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया चलेगी।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी की निर्धारित तारीख पर कोई दूसरी परीक्षा है या किसी जरूरी कारण से वह उपस्थित नहीं हो सकती, तो उसे दूसरी तारीख चुनने का विकल्प दिया जाएगा।
ऐसी अभ्यर्थी 6, 10, 12 या 19 नवंबर में से किसी एक दिन डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में शामिल हो सकती हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन चार तारीखों के अलावा किसी अन्य दिन दस्तावेजों की जांच का अवसर नहीं दिया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार निर्धारित तारीख पर पहुंचना होगा।



