हिमाचल प्रदेश: पंचायत प्रधान की 26 वर्षीय पत्नी की संदिग्ध मौ**त, दो मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 26 वर्षीय निकिता के रूप में हुई है। वह खोला पंचायत के प्रधान कपिल देव की पत्नी थी। महिला की मौत के बाद मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद खड़ा हो गया। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला ज्वालामुखी क्षेत्र के साथ लगती खोला पंचायत का है। निकिता की शादी करीब दो साल पहले पंचायत प्रधान कपिल देव के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि 2 नवंबर को उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर मिलने के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए और पूरे मामले की गहराई से जांच करने की मांग उठाई। दूसरी ओर, ससुराल पक्ष का कहना है कि निकिता पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थी।

दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी के चलते मौके पर करीब तीन से चार घंटे तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत करवाया।
दो मासूम बेटियों को छोड़ गई निकिता

इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। निकिता अपने पीछे दो छोटी बेटियां छोड़ गई है। मां की मौत के बाद दोनों बच्चियों के सिर से मां का साया उठ गया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी।



