नाहन में चोरों का दुस्साहस: खड़ी कार के चारों टायर और अलॉय व्हील चोरी

नाहन: जिला मुख्यालय नाहन में चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शिमला रोड पर खड़ी एक कार से अज्ञात चोर चारों टायर और अलॉय व्हील चोरी कर ले गए। चोरों ने वारदात को बड़ी सफाई से अंजाम दिया और कार को ईंटों व पत्थरों के सहारे खड़ा छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, वाहन मालिक ने अपनी मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स (HP 18 C 6241) को रोज़ की तरह शिमला रोड के पास पार्क किया था। सुबह जब वह मौके पर पहुंचे तो कार के चारों पहिए गायब मिले। यह देखकर उनके होश उड़ गए।
बताया जा रहा है कि चोरों ने इसी क्षेत्र में खड़ी एक अन्य गाड़ी को भी निशाना बनाया और उसका एक टायर खोलकर ले गए।


घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों का पता लगाया जा सके।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि शहर में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और चोरों की तलाश की जा रही है।

