पांवटा साहिब से यमुना में ब**हे निखिल गुप्ता का श**व हथनीकुंड बैराज के पास मिला, कई दिनों से चल रहा था सर्च ऑपरेशन

पांवटा साहिब, 1 अक्टूबर। पांवटा साहिब में 27 सितंबर को यमुना नदी में बह गए निखिल गुप्ता का शव आखिरकार हथनीकुंड बैराज के पास बरामद कर लिया गया है। कई दिनों से प्रशासन, गोताखोरों और आपदा प्रबंधन टीमों की ओर से नदी में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा था।
उपमंडलाधिकारी पांवटा साहिब ने बताया कि पुलिस स्टेशन पांवटा साहिब से प्राप्त रोजनामचा रिपोर्ट के अनुसार 27 सितंबर 2026 को शाम करीब 6:30 बजे वार्ड नंबर 12 निवासी निखिल गुप्ता, पुत्र सुरेश गुप्ता, यमुना नदी पुल से गिरने के बाद तेज बहाव में बह गया था।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने तुरंत तलाश अभियान शुरू किया। इसके लिए प्रशिक्षित गोताखोरों को मौके पर लगाया गया। अभियान में पैंथर वाइल्ड एडवेंचर राफ्टिंग टीम ने भी सहयोग किया।

निखिल की तलाश को लेकर पड़ोसी राज्यों के प्रशासन से भी संपर्क किया गया। यमुनानगर और सहारनपुर प्रशासन की ओर से भी अनुभवी गोताखोरों को सर्च ऑपरेशन में लगाया गया। इसके अलावा राज्य आपदा प्रबंधन टीम ने भी नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार तलाश की।
कई दिनों तक चले इस संयुक्त अभियान के बाद आखिरकार निखिल गुप्ता का शव हथनीकुंड बैराज के नजदीक बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों को इसकी जानकारी दी गई।

प्रशासन के अनुसार शव से संबंधित सभी आवश्यक कानूनी और चिकित्सकीय औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

