Shimla: आधी रात बादल फटने से मची तबाही! खेल मैदान, श्मशानघाट और पैदल पुल बाढ़ में बहे

शिमला/रामपुर बुशहर: शिमला जिले के रामपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत नरैण में रविवार देर रात बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। बांद्रली खड्ड में तेज बहाव के कारण स्थानीय खेल मैदान और श्मशानघाट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, कुरनू खड्ड पर पेलन गांव को जोड़ने वाला पैदल पुल भी बाढ़ की चपेट में आ गया, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय अचानक पानी का बहाव कई गुना बढ़ गया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।
ग्राम पंचायत नरैण की प्रधान ने बताया कि बाढ़ की वजह से कई किसानों की कृषि भूमि को भी नुकसान पहुंचा है। खेतों में मलबा और पत्थर भर जाने से फसलों पर भी असर पड़ा है। प्रशासन को नुकसान की जानकारी दे दी गई है और प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया जा रहा है।


पुल के क्षतिग्रस्त होने से पेलन गांव के लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पुल की मरम्मत और प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और खड्डों के आसपास जाने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



