प्रार्थना सभा में छात्रों को थप्पड़, छात्रा पर अभद्र टिप्पणी का आरोप! हिमाचल के सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल पर केस दर्ज

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य पर छात्रों के साथ कथित मारपीट और एक छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला शिमला जिले के सुन्नी थाना क्षेत्र के एक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का है। शिकायतकर्ता घनश्याम ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि स्कूल की प्रार्थना सभा के दौरान प्रधानाचार्य ने उनके 15 वर्षीय भांजे और 16 वर्षीय बेटी को सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों के सामने थप्पड़ मारे। उनका कहना है कि इस घटना से दोनों बच्चे मानसिक रूप से काफी आहत हुए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रधानाचार्य ने प्रार्थना सभा के दौरान छात्रा के लिए सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां कीं। परिजनों का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी से छात्रा की गरिमा को ठेस पहुंची और वह घटना के बाद काफी परेशान है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब सभी तथ्यों की जांच कर रही है और स्कूल में मौजूद लोगों के बयान भी लिए जा सकते हैं।
जिला पुलिस के अनुसार, यह मामला नाबालिग बच्चों से जुड़ा होने के कारण बेहद संवेदनशील है। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। मामले में अभी आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


