शिमला में बहन की ह+त्या का मास्टरमाइंड निकला सगा भाई, करोड़ों की संपत्ति के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़

शिमला: राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में निजी स्कूल संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या के मामले में पुलिस जांच ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच के अनुसार, इस सनसनीखेज वारदात की साजिश कथित तौर पर मृतका के सगे भाई ने अपने एक कारोबारी साथी के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हिमांक मित्तल और उसके बिजनेस पार्टनर गोविंद के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। आरोप है कि गोविंद ने वारदात को अंजाम देने वाले शूटरों की मदद के लिए वाहन की व्यवस्था की और उन्हें शिमला भेजा। घटना के बाद वह देश छोड़कर विदेश चला गया था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस पहले ही दो कथित शूटरों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब नए खुलासों के बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरी साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा योजना कब और कैसे बनाई गई।


प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे करोड़ों रुपये की संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
शिमला की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर कंवर ने बताया कि आरोपी गोविंद को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। वहीं, मुख्य आरोपी हिमांक मित्तल को हरियाणा के रोहतक से पुलिस हिरासत में लिया गया है। उसकी तबीयत ठीक नहीं होने के कारण आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख भी कराई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है। जांच एजेंसियां वित्तीय लेन-देन, संपत्ति विवाद और आरोपियों के आपसी संपर्कों की भी जांच कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों को जल्द ही अदालत के सामने पेश किया जाएगा।

