गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल के पार्थ ठाकुर का राष्ट्रीय स्तर पर कमाल, JEE Main आर्किटेक्चर परीक्षा में हासिल की ऑल इंडिया 7वीं रैंक

पांवटा साहिब के गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल के छात्र पार्थ ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पार्थ ने JEE Main की आर्किटेक्चर परीक्षा में ऑल इंडिया 7वीं रैंक प्राप्त कर पूरे हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा जारी परिणाम में पार्थ ठाकुर ने 99.9948605 एनटीए स्कोर हासिल किया। देशभर की टॉप-10 सूची में उनका नाम 7वें स्थान पर दर्ज हुआ है। खास बात यह रही कि हिमाचल प्रदेश से टॉप-10 में जगह बनाने वाले वह एकमात्र छात्र बने हैं।
पार्थ की इस उपलब्धि के बाद पांवटा साहिब सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्कूल, परिवार और स्थानीय लोगों ने इसे ऐतिहासिक सफलता बताया है। बड़ी संख्या में लोग पार्थ को शुभकामनाएं दे रहे हैं।


पार्थ ठाकुर ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह मुकाम हासिल किया। देशभर के हजारों छात्रों के बीच शीर्ष रैंक प्राप्त करना उनकी प्रतिभा और समर्पण को दर्शाता है।
विद्यालय के डायरेक्टर गुरजीत सिंह सैनी और प्रधानाचार्य गुरविंदर कौर चावला ने पार्थ की सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्कूल के लिए गर्व का क्षण है। साथ ही यह अन्य विद्यार्थियों को भी बड़े लक्ष्य तय करने की प्रेरणा देगी।

स्कूल प्रशासन ने कहा कि छोटे शहरों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। पार्थ ठाकुर ने यह साबित कर दिखाया है कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
विद्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि उत्कृष्टता अपनी पहचान स्वयं बना लेती है। पार्थ की इस सफलता ने स्कूल की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।
शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने पार्थ के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह उपलब्धि पांवटा साहिब के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

