पांवटा साहिब : कोलर जंगल में मिला 95% जला महिला का श*व, पहचान नहीं होने से बढ़ी मिस्ट्री

पांवटा साहिब के कोलर गांव के पास जंगल में एक महिला का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव करीब 95 प्रतिशत तक जल चुका था। हालत इतनी खराब थी कि पुलिस अभी तक महिला की पहचान नहीं कर पाई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को पहले जंगल में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान वहां एक जला हुआ शव बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि शव किसी महिला का है। हालांकि, शव पूरी तरह झुलसने के कारण उम्र और अन्य पहचान संबंधी जानकारी सामने नहीं आ सकी।


घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर और माजरा थाना प्रभारी कुलदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जुंगा शिमला से फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। टीम मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि फोरेंसिक रिपोर्ट से कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला को कहीं और मारने के बाद शव को जंगल में लाकर जलाया गया हो सकता है। हालांकि, हत्या कहां हुई और शव यहां कैसे पहुंचा, यह अभी जांच का विषय बना हुआ है।
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा अन्य राज्यों की पुलिस को भी सूचना भेजी गई है। जांच एजेंसियों को शक है कि मामला किसी दूसरे राज्य से भी जुड़ा हो सकता है।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी।
