पांवटा साहिब में दर्दनाक हादसा: 11 केवी लाइन की चपेट में आने से 30 वर्षीय फौजी की मौ*त

पांवटा साहिब के टोका नगला गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। खेत में काम कर रहे 30 वर्षीय फौजी की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मुकेश कुमार पुत्र उजागर सिंह निवासी गांव टोका नगला, पोस्ट ऑफिस जामनीवाला, तहसील पांवटा साहिब के रूप में हुई है। मुकेश भारतीय सेना में देहरादून में तैनात थे और कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर घर लौटे थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह मुकेश खेतों में काम करने गए थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में मुकेश आ गए। करंट इतना तेज था कि मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।


परिजनों का आरोप है कि इलाके में गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन काफी नीचे झूल रही थी, लेकिन समय रहते सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में भी बड़ा हादसा हो सकता है।
मुकेश कुमार अविवाहित थे। परिवार में उनके माता-पिता और एक भाई हैं। उनका भाई भी भारतीय सेना में तैनात है। बेटे की अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से क्षेत्र की ढीली बिजली लाइनों को तुरंत दुरुस्त करने की मांग उठाई है।
