सिरमौर में दर्दनाक हादसा: स्कॉर्पियो की टक्कर से 7 वर्षीय बच्चे की मौ..त

जिला सिरमौर के नाहन क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसा लखदाता पीर के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बच्चे को टक्कर मार दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 की रात पुलिस चौकी गुन्नुघाट को सूचना मिली कि सड़क हादसे में घायल एक बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
घायल बच्चे की पहचान अयान सूर्या (7) पुत्र राकेश सूर्या निवासी गांव चुनवी, डाकघर चाढ़ना, तहसील नौहराधार, जिला सिरमौर के रूप में हुई। उस समय अयान की माता नीरज भी अस्पताल में मौजूद थीं। बच्चा गंभीर रूप से घायल था और बयान देने की स्थिति में नहीं था।


माता ने पुलिस को बताया कि लखदाता पीर के पास उनके बेटे को एक स्कॉर्पियो गाड़ी ने टक्कर मारी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिवार सदमे में था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ। पुलिस को अभी तक कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला है। मामले में भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

गंभीर हालत में अयान को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच कर रही है। साथ ही आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया है।
मामले में पुष्टि करते हुए एसपी सिरमन निश्चिंत सिंह नेगी का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान जल्द कर ली जाएगी।

