देवभूमि हिमाचल में 11 साल के मासूम की मौ*त ने उठाए कई सवाल, कमरे में फं*दे से लटका मिला छात्र….

हमीरपुर जिले के सुजानपुर क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां एक 11 वर्षीय छात्र अपने घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, छात्र अपने माता-पिता के साथ किराये के मकान में रहता था और एक निजी स्कूल में पढ़ाई करता था। सोमवार रात वह सामान्य दिनों की तरह परिवार के साथ समय बिताने के बाद पढ़ाई कर रहा था। मंगलवार सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो उन्होंने बेटे को कमरे में फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।


जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक नोट भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसमें एक शिक्षण संस्थान का उल्लेख किया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक का परिवार मूल रूप से कांगड़ा जिले का रहने वाला है और पिछले कई वर्षों से सुजानपुर क्षेत्र में रह रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है। पिता निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं, जबकि माता सिलाई का काम करती हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर कोण से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर बच्चों के मानसिक और सामाजिक वातावरण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर गहरा दुख और चिंता का माहौल है।

