Himachal News Alert: गोल्ड लोन के नाम पर बड़ी लूट! बैंक ऑफ इंडिया को लगाया ₹34.73 लाख का चूना, 6 जालसाजों पर FIR

Himachal News Alert: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बैंक के साथ ही लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने सोने के नकली आभूषण गिरवी रखकर बैंक को 34.73 लाख रुपये का चूना लगाया है।
Himachal News Alert: गोल्ड लोन के नाम पर बड़ी लूट! बैंक ऑफ इंडिया को लगाया ₹34.73 लाख का चूना, 6 जालसाजों पर FIR
इसको लेकर बैंक प्रबंधन ने पुलिस थाना में शिकायत दी है। दरअसल, मामला वर्ष 2020 से 2023 के बीच का है, जब बैंक ऑफ इंडिया की मालरोड शाखा से छह अलग-अलग लोगों ने गोल्ड लोन के नाम पर आभूषण गिरवी रखे और लाखों रुपये का ऋण लिया।
आरोपियों ने गहनों के साथ बैंक के पैनल ज्वेलर का प्रमाण पत्र भी लगाया, जिसमें इन नकली गहनों को 22 कैरेट शुद्ध सोना बताया गया था। बैंक ने ज्वेलर की रिपोर्ट पर भरोसा कर लोन मंजूर कर दिया।


री-वैल्यूएशन में खुला राज
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब बैंक प्रबंधन ने गहनों का किसी अन्य ज्वेलर से री-वैल्यूएशन (दोबारा मूल्यांकन) करवाया। जांच में पता चला कि जिसे बैंक सोना समझकर लॉकर में रखे बैठा था, वह तो महज नकली धातु थी।
इसके बाद बैंक ने आरोपियों को नोटिस भेजे, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला, तो बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक एवं शाखा प्रभारी अंकुश रांगटा ने पुलिस में FIR दर्ज करवाई। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने जानबूझकर नकली आभूषण गिरवी रखकर सार्वजनिक धन का दुरुपयोग किया।

किसने लिया कितना लोन
वासुदेव पाठक: ₹8.20 लाख (182.66 ग्राम गहने)।
अंकिता कुमार: ₹6.63 लाख (198.60 ग्राम गहने)।
इंद्र जस्टा: ₹4.50 लाख और ₹5.25 लाख के दो लोन (100 से 115 ग्राम गहने)।
तानिया और लीला देवी: क्रमशः ₹2.60 लाख और ₹2.05 लाख।
सोनू कुमार गुप्ता: ₹5.50 लाख (लोन चुका दिया, लेकिन गहने संदिग्ध)।
उधर, शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है और आगामी तहकीकात शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए तलब किया जाएगा।

Our passionate journalist at Newsghat, dedicated to delivering accurate and timely news from Paonta Sahib, Sirmaur, and rural areas. With a focus on community-driven stories, we ensures that every report reaches you with clarity and truth. At Newsghat, it’s all about “आपकी बात”!


