हिमाचल में अब 17 वर्षीय छात्रा की अचानक मौ**त, स्कूल पहुंचने से पहले बिगड़ी तबीयत: परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां 17 वर्षीय छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला मंडी जिले के देव ब्राडता क्षेत्र का है। मृतका की पहचान देव ब्राडता निवासी पंकज कुमार की 17 वर्षीय बेटी जिया के रूप में हुई है। जिया राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देव ब्राडता में 12वीं कक्षा की छात्रा थी।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह जिया रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। जब वह विद्यालय से करीब 20 मीटर की दूरी पर पहुंची तो अचानक उसके पेट में तेज दर्द होने लगा और उसे उल्टियां शुरू हो गईं। तबीयत खराब होने के कारण वह स्कूल जाने के बजाय वापस घर लौट आई।
बेटी की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे तुरंत नागरिक अस्पताल सरकाघाट लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए हमीरपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल में उपचार के दौरान जिया ने दम तोड़ दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि जिया तीन बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी अचानक मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, स्कूल और आसपास के क्षेत्र में भी शोक की लहर है।


