पांवटा साहिब के नशा तस्कर पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 31.83 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज
पांवटा साहिब : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। अब पुलिस केवल नशे के कारोबार में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार ही नहीं कर रही, बल्कि उनकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर भी शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में पांवटा साहिब से जुड़े एक नशा तस्कर की 31.83 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पांवटा साहिब पुलिस थाने में एफआईआर नंबर 25/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी फिरोज आलम निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के कब्जे से 1,300 नशीले कैप्सूल और 96 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की आर्थिक गतिविधियों की भी पड़ताल की। इस दौरान आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर मौजूद उन संपत्तियों का पता लगाया गया, जिन्हें नशे के अवैध कारोबार से हुई कमाई से अर्जित किया गया था।

पुलिस ने इन संपत्तियों को फ्रीज करने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद नई दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी (NDPS) ने कुल 31,83,579.10 रुपये की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश को अपनी मंजूरी दे दी।
एसपी निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि सिरमौर पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। नशा तस्करों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को खत्म करने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।



