हिमाचल में दर्दनाक हादसा: रेलवे पिल्लर से गिरकर 20 वर्षीय मजदूर की मौ**त, 5 पर केस

बिलासपुर: भानुपल्ली-बैरी रेलवे लाइन के निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। कोट कहलूर थाना क्षेत्र में रेलवे पुल के निर्माण के दौरान पिल्लर से गिरने के कारण 20 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, झारखंड के सिमडेगा जिले का रहने वाला एलेक्स विलुंग रेलवे पुल के पिल्लर पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सुरक्षा उपकरण नहीं होने का आरोप


पुलिस को दिए बयानों में साथी मजदूरों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय एलेक्स के पास हेलमेट और सेफ्टी बेल्ट जैसे जरूरी सुरक्षा उपकरण नहीं थे। मजदूरों के मुताबिक, ऊंचाई पर काम के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।
कंपनी के 5 लोगों पर मामला दर्ज

मजदूरों के बयानों के आधार पर पुलिस ने निर्माण कंपनी के प्रबंधन और सुपरवाइजर स्तर के पांच अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन हुआ था या नहीं। जांच में लापरवाही साबित होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हादसे ने रेलवे निर्माण कार्यों में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

