Himachal Monsoon Alert: हिमाचल में बारिश का कहर, 5 की मौ*त, 49 सड़कें बंद! कई इलाकों का संपर्क टूटा

शिमला: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। बीते 24 घंटों के दौरान बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि कई क्षेत्रों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भूस्खलन, अचानक आई बाढ़ और सड़कें बंद होने से कई इलाकों का संपर्क टूट गया है।
जानकारी के अनुसार, शिमला, चंबा और मंडी जिलों में अलग-अलग घटनाओं में लोगों की मौत हुई है। लाहौल-स्पीति के उदयपुर क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटना में मंडी निवासी एक बस परिचालक की जान चली गई।
चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ से मंदिर तक जाने वाला लकड़ी का अस्थायी पुल बह गया। इस दौरान करीब 30 श्रद्धालु दूसरी ओर फंस गए। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और श्रद्धालुओं तक जरूरी सामान पहुंचाने के साथ सुरक्षित निकालने का अभियान शुरू किया गया।


किन्नौर जिले के रिस्पा गांव का संपर्क भी पूरी तरह टूट गया है। गांव तक पहुंचने वाली अस्थायी सड़क तेज बहाव में बह गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष बाढ़ में स्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद बनाई गई वैकल्पिक सड़क पहली ही तेज बारिश में बह गई। भाभा घाटी में भी तेज बहाव के कारण एक लकड़ी का पुल टूट गया।
बारिश और भूस्खलन के चलते प्रदेश में कुल 49 सड़कें बंद हैं। इनमें सबसे अधिक सड़कें कुल्लू जिले में प्रभावित हुई हैं। सिरमौर, चंबा, लाहौल-स्पीति और ऊना में भी कई मार्गों पर आवाजाही ठप है। इसके अलावा 42 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 27 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस बीच सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने लाहौल-स्पीति में एक गंभीर रूप से बीमार महिला को उफनते नाले के पार सुरक्षित पहुंचाकर अस्पताल भेजा। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से नदी-नालों के किनारे जाने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

