Himachal Police Recruitment 2026: हिमाचल पुलिस में 734 कांस्टेबल पदों पर भर्ती, जानें कौन और कैसे कर सकता है आवेदन

हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल के 734 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन पदों के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 6 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। तय समय सीमा के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
भर्ती के तहत 491 पद पुरुष कांस्टेबल और 243 पद महिला कांस्टेबल के लिए निर्धारित किए गए हैं। चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-3 के तहत 20,200 रुपये से 64,000 रुपये तक वेतन मिलेगा।
आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार सभी वर्गों के लिए आरक्षण का प्रावधान रखा गया है। इसमें सामान्य वर्ग के अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), बीपीएल, होमगार्ड, स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रित तथा अन्य पात्र श्रेणियों के लिए अलग-अलग पद आरक्षित हैं। महिला वर्ग में भी विभिन्न आरक्षित श्रेणियों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं।


आयोग की सचिव निवेदिता नेगी ने बताया कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। डाक या किसी अन्य तरीके से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
उम्मीदवारों को आवेदन भरते समय सभी जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करने की सलाह दी गई है। एक बार आवेदन अंतिम रूप से जमा होने के बाद उसमें किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा। इसलिए अंतिम सबमिट करने से पहले आवेदन पत्र में दर्ज सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच कर लें।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो अभ्यर्थी साइबर कैफे या लोकमित्र केंद्र के माध्यम से आवेदन कर रहे हैं, वे भी आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारी स्वयं अवश्य जांच लें।
भर्ती से जुड़ी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क, चयन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक शर्तों की विस्तृत जानकारी आयोग द्वारा जारी आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में उपलब्ध है। इच्छुक उम्मीदवार अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।


