Himachal Pradesh: चरस तस्करी पर बड़ा एक्शन! 1.139 किलो चरस के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

Himachal Pradesh: मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 1 किलो 139 ग्राम चरस बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों मामलों की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
पहला मामला 28 जून का है। धनोटू थाना पुलिस और एसटीएफ की टीम ने नौलखा फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान कुल्लू की ओर से आ रही एक कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 1 किलो 55 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने कार में सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के झुंझुनू जिले के रहने वाले आशीष कुमार (39), वीरेंद्र कुमार (29), जॉकी (20) और प्रमोद (39) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


दूसरी कार्रवाई रविवार रात धनोटू बाईपास पर की गई। यहां पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक स्कूटी को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच में स्कूटी सवार दो युवकों के पास से 84 ग्राम चरस बरामद हुई। दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
इनकी पहचान पीयूष (19), निवासी नादौन, जिला हमीरपुर और अभिनव (19), निवासी डडवाल क्षेत्र, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह चरस कहां से लेकर आए थे और इसे किसे पहुंचाने वाले थे।

पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले की जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और नशा मुक्त समाज बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करने की अपील की।


