हिमाचल प्रदेश में घरेलू झगड़ा बना जा*नले*वा, पत्नी की ह*त्या के आरोप में पति गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बरोटीवाला थाना क्षेत्र के भटौली खुर्द में घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। किराए के मकान में रहने वाले एक दंपति के बीच देर रात हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि महिला की जान चली गई। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक महिला की पहचान सुनीता के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति सुरेंद्र है। दोनों मूल रूप से झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं और काम के सिलसिले में क्षेत्र में रह रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर भारी वस्तु से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही बरोटीवाला पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बद्दी भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना केवल घरेलू विवाद का परिणाम थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी।

एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।
फिलहाल इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी पारिवारिक विवाद को हिंसा तक न पहुंचने दें और आवश्यकता पड़ने पर समय रहते कानूनी या सामाजिक सहायता लें।

