हिमाचल में हादसा ! बंदर के हमले के बाद छत से गिरी महिला की मौ**त, IGMC में एक सप्ताह चला इलाज

शिमला: राजधानी शिमला के संजौली स्थित समिट्री क्षेत्र में बंदर के हमले के बाद छत से गिरकर घायल हुई महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला का करीब एक सप्ताह से इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) में इलाज चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, 30 अगस्त को महिला का सामना बंदर से हो गया था। बंदर से बचने की कोशिश के दौरान वह छत से नीचे गिर गई। हादसे में महिला को गंभीर चोटें आई थीं। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए IGMC लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया।
करीब एक सप्ताह तक महिला का अस्पताल में उपचार चलता रहा। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए थी। शनिवार को इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।


महिला की मौत की खबर सामने आने के बाद संजौली और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दुख व्यक्त किया है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने शिमला में बंदरों की बढ़ती समस्या को लेकर चिंता जाहिर की है। उनका कहना है कि शहर के कई इलाकों में बंदरों के झुंड अक्सर घरों की छतों, खिड़कियों और सार्वजनिक स्थानों तक पहुंच जाते हैं। इससे लोगों में डर बना रहता है।

लोगों का कहना है कि बंदरों के कारण कई बार लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी सावधानी बरतते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बंदरों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसका स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
IGMC के एमएस डॉ. राहुल राव ने महिला की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला करीब एक सप्ताह से आईसीयू में भर्ती थी। शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।


