पांवटा साहिब में तेज रफ्तार वाहन ने छीनी 1 मां की जिंदगी, दो बेटियों और 6 माह के बेटे के सिर से उठा मां का साया

पांवटा साहिब: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 36 वर्षीय पूनम पत्नी राजिंदर सिंह चौधरी की मौत हो गई। पूनम अपने पीछे दो बेटियों और महज छह महीने के बेटे को छोड़ गई हैं।
जानकारी के अनुसार पूनम गांव अजौली, डाकघर निहालगढ़, पांवटा साहिब की रहने वाली थीं और नर्स के रूप में कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि वह ड्यूटी से घर की ओर यह कहकर निकली थी कि उन्हें घर जाकर अपने छह माह के बच्चे को दूध पिलाना है।
हादसा करीब सुबह 11:45 बजे राजबन की ओर हुआ। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने पूनम को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह वाहन के साथ करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गईं।


हादसे में पूनम के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। एक मां का अचानक इस तरह दुनिया से चले जाना परिवार के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है।
पूनम के पीछे उनकी दो बेटियां और छह महीने का मासूम बेटा रह गया है। जिस मां की गोद में छह महीने का बच्चा अभी पूरी तरह दुनिया को समझ भी नहीं पाया था, वही मां अब हमेशा के लिए उससे दूर हो गई। हादसे की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

दुर्घटना में शामिल वाहन का नंबर UK07DM2646 बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन की गति समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।

