Kala Amb(Sirmour) : राज्यपाल और उद्योग मंत्री तक पहुंची उद्योगों की आवाज, टूटी सड़कों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा

शिमला/नाहन। कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष अखिल महेश्वरी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल और उद्योग मंत्री से मिला। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र के विकास, सड़क सुविधाओं और उद्योगों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की मौजूदा स्थिति, उद्योगों की चुनौतियों और विकास से जुड़े मुद्दों से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र का दौरा करने का निमंत्रण भी दिया, ताकि वह मौके पर जाकर वास्तविक हालात देख सकें।
राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह समय निकालकर क्षेत्र का दौरा करने का प्रयास करेंगे और उद्योगों से जुड़े मामलों में आवश्यक सहयोग देने की दिशा में सकारात्मक पहल करेंगे।


इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान से मुलाकात की। इस दौरान कालाअंब–त्रिलोकपुर सड़क और ईएसआई अस्पताल रोड की खराब हालत को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इन दोनों सड़कों की जर्जर स्थिति के कारण उद्योगों के संचालन, कर्मचारियों की आवाजाही, स्थानीय लोगों और माल ढुलाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
उद्योग मंत्री ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि कालाअंब–त्रिलोकपुर रोड के निर्माण और सुधार का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। साथ ही ईएसआई अस्पताल रोड को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि इन दोनों सड़कों के बेहतर होने से औद्योगिक क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, उद्योगों को सुविधा मिलेगी और कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी। बैठक के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग मंत्री का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि सरकार के सहयोग से लंबे समय से लंबित विकास कार्य जल्द धरातल पर उतरेंगे और कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र को नई गति मिलेगी।


