Paonta Sahib: सिविल अस्पताल में महिलाओं के लिए शौचालय बंद, मरीज बोलीं-इलाज से पहले सुविधा तो दें!

पांवटा साहिब: सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में महिलाओं के लिए बनाई गई सबसे जरूरी सुविधाओं में से एक, महिला शौचालय, पिछले कई दिनों से बंद पड़ा है।
इससे इलाज के लिए आने वाली महिला मरीजों और उनके साथ पहुंचे तीमारदारों को रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल में आने वाले लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ बुनियादी सुविधाएं भी मरीजों का अधिकार हैं, लेकिन यहां इनकी लगातार अनदेखी हो रही है।
शौचालय के बाहर एक नोटिस लगाया गया है, जिसमें लिखा है कि “शौचालय खराब है, 2 से 4 दिन में ठीक हो जाएगा।” लेकिन कई दिन गुजरने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। ऐसे में महिलाओं को मजबूरी में दूसरे विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं, जिससे उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि सिविल अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए शौचालय जैसी सुविधा बेहद जरूरी होती है।इसके बावजूद लंबे समय तक इसका बंद रहना अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
लोगों का आरोप है कि अस्पताल में कई बार मूलभूत सुविधाओं की कमी देखने को मिलती है। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि मरीजों को साफ और चालू शौचालय जैसी सामान्य सुविधा भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है, तो यह चिंता का विषय है।

कई लोगों ने यह तक कहा कि अस्पताल केवल “सफेद हाथी” बनकर रह गया है, जहां सुविधाओं की कमी की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रहती हैं।
मरीजों और स्थानीय नागरिकों ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि महिला शौचालय की मरम्मत तुरंत कर इसे चालू किया जाए। साथ ही अस्पताल की अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी नियमित जांच और निगरानी की जाए, ताकि भविष्य में मरीजों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
अब देखना यह होगा कि अस्पताल प्रशासन इस समस्या का समाधान कितनी जल्दी करता है या फिर महिलाओं को इसी तरह परेशानी झेलनी पड़ेगी।


