पांवटा साहिब: अवनीत सिंह लाम्बा ने किया “संघर्ष से शिखर तक” स्मारिका का विमोचन, प्रो. संतोष कुमार की यादों को किया साझा

पांवटा साहिब: सरस संस्था के संस्थापक स्वर्गीय प्रोफेसर संतोष कुमार की 94वीं जयंती के अवसर पर पांवटा साहिब के वीआईपी रिसोर्ट में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उनकी स्मृति में तैयार की गई स्मारिका ‘संघर्ष से शिखर तक’ का विमोचन कांग्रेस के युवा नेता अवनीत सिंह लाम्बा ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार मनमोहन सिंह और पंवार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के निदेशक डॉ. बीएस पंवार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पांवटा साहिब सहित अन्य जिलों से पहुंचे लोगों ने भाग लिया। प्रोफेसर संतोष कुमार के पूर्व विद्यार्थियों और उनके साथ सामाजिक कार्यों में जुड़े लोगों ने उनसे जुड़ी यादें साझा कीं। वक्ताओं ने उनके शिक्षक के रूप में योगदान, सामाजिक कार्यों और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों को याद किया। उन्होंने कहा कि प्रो. संतोष कुमार के विचार और समाज के प्रति उनका समर्पण आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं।
समाजसेवा के कार्यों को याद किया

स्मारिका का विमोचन करने के बाद अवनीत सिंह लाम्बा ने कहा कि वरिष्ठ लोगों के अनुभवों और उनके जीवन संघर्ष से नई पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए। उनके विचारों और आदर्शों को समझकर समाजहित में काम करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रो. संतोष कुमार ने शिक्षक और समाजसेवी के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। पर्यावरण संरक्षण के लिए उनके द्वारा किए गए प्रयास भी महत्वपूर्ण रहे हैं। समाज में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाना चाहिए।

लाम्बा ने स्मारिका के संपादक राजेश कुमार को इस प्रयास के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सरस संस्था के रेडियो प्रोजेक्ट और अन्य गतिविधियों के संचालन में हरसंभव सहयोग देने की बात भी कही।
राजेश कुमार निभा रहे हैं उनकी विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी
राजेश कुमार का प्रो. संतोष कुमार के साथ लंबे समय तक जुड़ाव रहा है। उन्होंने उनके द्वारा स्थापित संस्थानों और शुरू की गई सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। अब वह उनके विचारों और अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
‘संघर्ष से शिखर तक’ स्मारिका में प्रो. संतोष कुमार के जीवन, संघर्ष, सामाजिक योगदान और उनसे जुड़ी यादों को संकलित किया गया है, ताकि नई पीढ़ी भी उनके कार्यों से परिचित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान सरस संस्था के नए अध्यक्ष के रूप में यशपाल कपूर के नाम की घोषणा की गई और उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। इससे पहले कुलदीप सिंह गतवाल संस्था के अध्यक्ष थे। उनके कार्यकाल में संस्था ने जागरूकता कार्यक्रमों और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी निभाई।


