पांवटा साहिब में टैम्पू चालक से मारपीट का आरोप, यूनियन के उप प्रधान समेत 6 लोगों पर FIR दर्ज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब में टैम्पू यूनियन से जुड़े कुछ लोगों पर एक टैम्पू चालक के साथ मारपीट और गाली-गलौच करने के आरोप लगे हैं। मामले में पुलिस ने यूनियन के उप प्रधान आशिक अली समेत करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हरिपुर टोहाना, शिवपुर निवासी अरुण खान ने 3 नवंबर 2026 को पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि 2 नवंबर को वह अपने टैम्पू नंबर HP17A-0425 में भाटावाली से एक प्रवासी मजदूर के घर का सामान लोड करके मुख्य सड़क पर पहुंचा था।
इसी दौरान जिला सिरमौर टैम्पू यूनियन से जुड़े कुछ लोग गाड़ी नंबर HP17D-0911 में उसका पीछा करने लगे। आरोप है कि कुछ दूरी पर उन्होंने अपनी गाड़ी टैम्पू के आगे लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी गई।

शिकायत के मुताबिक, इस दौरान प्रवासी मजदूर के साथ भी गाली-गलौच की गई और उसे जबरदस्ती यूनियन कार्यालय ले जाने का प्रयास किया गया।
अरुण खान का आरोप है कि कुछ समय बाद यूनियन के छोटा प्रधान आशिक अली भी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। वहां उसके साथ मारपीट की गई और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।

घटना के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मारपीट और अन्य आरोपों को लेकर पुलिस तथ्यों की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।



