पांवटा साहिब: OBC आयोग में गैर-OBC नियुक्तियों पर भड़के सुभाष चौधरी, बोले- सरकार फैसला तुरंत वापस ले

पांवटा साहिब: भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सुभाष चौधरी ने पांवटा साहिब में पत्रकार वार्ता कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर ओबीसी समाज की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग में हाल ही में की गई दो नियुक्तियों पर सवाल उठाते हुए सरकार से इन्हें रद्द करने की मांग की।
सुभाष चौधरी ने कहा कि सरकार ने केएस भारती और सपना कटोच को ओबीसी आयोग का सदस्य बनाया है। उनका आरोप है कि दोनों नियुक्तियां ओबीसी समाज से बाहर के लोगों की की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में योग्य, अनुभवी और सामाजिक रूप से सक्रिय ओबीसी वर्ग के लोग मौजूद हैं, जिन्हें आयोग में प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए था।
भाजपा नेता ने दावा किया कि प्रदेश में 18 लाख से अधिक ओबीसी समाज के लोग हैं और इस तरह की नियुक्तियां उनके हितों के साथ न्याय नहीं करतीं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर चुनाव के दौरान ओबीसी समाज के समर्थन का लाभ लेने के बाद अब उनकी अनदेखी करने का आरोप लगाया।


सुभाष चौधरी ने कहा कि सरकार को ओबीसी आयोग जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में समाज के योग्य लोगों को जिम्मेदारी देनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने करीबी लोगों को पदों पर जगह दे रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने दोनों नियुक्तियां वापस लेकर ओबीसी समाज से योग्य व्यक्तियों को सदस्य नहीं बनाया, तो भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेशभर में आंदोलन करेगा।

इस दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा मंडल पांवटा साहिब के अध्यक्ष सुरेश चौधरी भी मौजूद रहे।


