शिलाई में दर्दनाक हादसा: खाई में मिली बोलेरो, 35 वर्षीय प्रदीप की मौ**त

शिलाई। सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय टैक्सी चालक प्रदीप सिंह बीरसांटा की मौत हो गई। हादसा बांदली-ढाढस क्षेत्र में हुआ, जहां उनकी बोलेरो सड़क से नीचे झाड़ियों में दुर्घटनाग्रस्त मिली।
जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त की सुबह बांदली निवासी रमेश सिंह अपने खेत में काम करने और घास-पत्ती लेने गए थे। इसी दौरान उन्होंने नीचे खेत के पास एक दुर्घटनाग्रस्त वाहन देखा। पास जाकर उन्होंने वाहन का नंबर HP85-4002 पढ़ा, जो बोलेरो थी।
रमेश सिंह ने आसपास तलाश की तो वाहन के नीचे झाड़ियों में एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा मिला। जांच करने पर उसकी पहचान ढाढस गांव निवासी प्रदीप सिंह के रूप में हुई। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।


घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस थाना शिलाई की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और वाहन कब दुर्घटनाग्रस्त हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि प्रदीप सिंह टैक्सी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह अपने पीछे गर्भवती पत्नी और एक मासूम बच्चे को छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और ढाढस गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ा दी है।

