शिलाई के केलात गांव में भीषण हादसा: खाई में गिरते ही पिकअप में लगी आग, बाल-बाल बचे सभी सवार
शिलाई (सिरमौर): जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। ग्राम पंचायत नाया के गांव केलात में एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद वाहन में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पिकअप आग की लपटों से घिर गई।
जानकारी के अनुसार पिकअप नंबर HP85-2123 का चालक वाहन को सड़क पर पीछे की ओर कर रहा था। इसी दौरान वाहन पर से नियंत्रण खो गया और पिकअप सीधे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि खाई में गिरने के बाद वाहन में आग लग गई।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें पिकअप को आग की लपटों से घिरा हुआ देखा जा सकता है। हादसे का दृश्य काफी भयावह नजर आ रहा है।

हालांकि, इस दुर्घटना में राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि पिकअप में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण शिलाई में कई स्थानों पर सड़कें संकरी और जोखिम भरी हैं। ऐसे में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। खासकर ढलान, मोड़ और संकरी सड़कों पर वाहन को पीछे करते समय चालक को अतिरिक्त सतर्कता रखनी चाहिए।

फिलहाल इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। गनीमत रही कि वाहन में आग लगने के बावजूद सभी सवार सुरक्षित बच गए।



