सिरमौर: कालाअंब में दो पक्षों के बीच मारपीट, मस्जिद के कमरे में विवाद के बाद क्रॉस FIR दर्ज
नाहन: जिला सिरमौर के कालाअंब थाना क्षेत्र के सिम्बलवाला गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मस्जिद के कमरे में मारपीट का आरोप
पुलिस को दी गई पहली शिकायत साहिल पुत्र रोशन अली निवासी सिम्बलवाला ने दर्ज करवाई है। साहिल के अनुसार, बीते दिन सुबह करीब 11:55 बजे वह गांव की मस्जिद में इमाम के पास मौजूद था। इसी दौरान इस्तगफार, शाहरुख खान, आरिफ, ताज मोहम्मद, उसका बेटा आरिस और लाल दीन वहां पहुंचे। साहिल का आरोप है कि इन लोगों ने इमाम के कमरे में उसके साथ मारपीट की।

शिकायत के मुताबिक, जब साहिल के पिता रोशन अली, पत्नी सुरैय्या, भाई राहिल और माता शाहीदा बेगम उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इस घटना में साहिल, उसकी पत्नी, पिता और माता को चोटें आने की बात कही गई है।
दुकान पर जाते समय विवाद होने का आरोप

वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से रोशनी पत्नी इस्तगफार निवासी सिम्बलवाला ने शिकायत दर्ज करवाई है। रोशनी के अनुसार, बीते दिन सुबह करीब 11:45 बजे वह सामान लेने के लिए दुकान की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव का साहिल स्कूटी लेकर वहां पहुंचा।
रोशनी का आरोप है कि उसने साहिल को स्कूटी सावधानी से चलाने के लिए कहा, जिस पर वह नाराज हो गया। इसके बाद उसने स्कूटी रोककर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
पुलिस ने शुरू की जांच
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस थाना कालाअंब में संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अब दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के अनुसार की जाएगी।



