सिरमौर/शिलाई: कपड़े लेने खेत में पहुंचा था व्यक्ति, तीन लोगों ने दराट से किया हमला: बचाव में हाथ हुआ घायल…

शिलाई। उपमंडल शिलाई के सुनियाड़ी गांव में खेत से कपड़े लेने गए एक व्यक्ति के साथ कथित मारपीट और दराट से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले से बचने के दौरान व्यक्ति के हाथ पर दराट लगने से वह घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर शिलाई पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सुनियाड़ी, डाकघर पनोग निवासी अनिल कुमार पुत्र स्वर्गीय शोभा राम ने बताया कि 18 सितंबर की सुबह उसने देखा कि घर की रेलिंग पर सूखने के लिए रखे उसके कपड़े हवा के कारण नीचे खेत में गिर गए थे।
अनिल कुमार के अनुसार, वह कपड़े उठाने के लिए खेत में गया था। इसी दौरान गांव के दिलीया राम, बलिया राम और बलबीर निवासी सुनियाड़ी-किणु वहां पहुंच गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद कथित तौर पर उस पर दराट से हमला किया गया।


अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने हमले से बचने के लिए अपना बचाव किया। इसी दौरान दराट उसके हाथ पर लग गया, जिससे हाथ में चोट आई और वह घायल हो गया।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस थाना शिलाई पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के पीछे की वजह, विवाद की परिस्थितियों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।


