हिमाचल में बड़ा साइबर फ्रॉड: चाय बेचने वाले का फोन हैक, खाते से उड़ाए 1.75 लाख रुपए

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ठगों ने एक चाय विक्रेता का मोबाइल फोन हैक कर उसके बैंक खाते से 1.75 लाख रुपए निकाल लिए। घटना के बाद इलाके में डर और चिंता का माहौल है।
मामला सोलन के सोसाइटीगंज बाजार का है। पीड़ित की पहचान विद्या दत्त के रूप में हुई है। वह चाय बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता है। ठगी में उसकी जीवनभर की जमा पूंजी साफ हो गई।
जानकारी के अनुसार विद्या दत्त को एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एचडीएफसी बैंक का अधिकारी बताया। उसने बैंकिंग प्रक्रिया और क्रेडिट कार्ड अपडेट करने की बात कही। बातों में उलझाकर ठग ने मोबाइल से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली।


कॉल खत्म होने के कुछ देर बाद मोबाइल फोन हैंग होने लगा। धीरे-धीरे फोन पूरी तरह लॉक हो गया। पीड़ित किसी भी एप या यूपीआई सेवा का इस्तेमाल नहीं कर पाया।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि दो दिन तक विद्या दत्त को ठगी का पता ही नहीं चला। जब मोबाइल दोबारा सामान्य हुआ और बैंक मैसेज चेक किए गए, तब खाते से 1.75 लाख रुपए निकलने का खुलासा हुआ।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रकम दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर की गई है। पीड़ित ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।
पुलिस ने कहा है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंक डिटेल, ओटीपी या कार्ड संबंधी जानकारी साझा न करें। मोबाइल में संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत बैंक और साइबर सेल से संपर्क करें।


