हिमाचल में प्रेम-प्रसंग बना खू**नी वारदात की वजह, बहन के प्रेमी की ह**त्या का आरोप: भाई फरार

सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी-नालागढ़ क्षेत्र से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां प्रेम-प्रसंग को लेकर 29 वर्षीय युवक की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मामला मानपुर थाना क्षेत्र के माजरा गांव का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान दीपक कुमार (29) पुत्र लालटू सिंह, निवासी दरौरा, जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दीपक बद्दी की एक निजी कंपनी में काम करता था और शादीशुदा था।
बताया जा रहा है कि दीपक का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। सोमवार को युवती के भाई ने दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद वह गुस्से में आ गया और दीपक पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया।


हमले में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच

वारदात की सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस प्रेम-प्रसंग समेत वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


