हिमाचल में सनसनीखेज वारदात: पहले टैक्सी चालक पर किया चाकू से हमला! फिर घोंटा गला, मृत समझ जंगल में फेंका

हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा से मानवता को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो युवकों ने मामूली विवाद के बाद टैक्सी चालक की हत्या करने का प्रयास किया।
हिमाचल में सनसनीखेज वारदात: पहले टैक्सी चालक पर किया चाकू से हमला! फिर घोंटा गला, मृत समझ जंगल में फेंका
इस दौरान दोनों आरोपियों ने न केवल टैक्सी चालक के पैसे और सोने की अंगूठी लूटी बल्कि उसकी टैक्सी लेकर भी मौके से भाग खड़े हुए। हालांकि पुलिस ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने किराये पर ली थी टैक्सी
मामला 17 अप्रैल का है जब अमित कौशल (23) और सुरेश कुमार (19) दोनों निवासी टिहरी, तहसील खुंडियां ने टैक्सी को गगरेट क्षेत्र जाने के लिए किराये पर लिया था। इस दौरान मेहर सिंह निवासी गांव पड़ेड़ डाकघर टिहरी टैक्सी में दोनों को लेकर निकल पड़े।


रास्ते में हुआ विवाद
तभी कलोहा के समीप किसी बात को लेकर आरोपियों और चालक के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद आरोपियों ने चालक को जबरन एक सुनसान मार्ग (सीकरा-परियोंह होते हुए कामाख्या मंदिर मार्ग) पर ले जाने को मजबूर किया।
कांगड़ा-ऊना सीमा पर सिगरा दा भरो के जंगल में पहुँचते ही आरोपियों ने चालक पर चाकू से हमला किया और रस्सी से गला घोंटकर उसे मारने की कोशिश की। जब वह बेहोश हो गया, तो उसे मृत समझकर झाड़ियों में फेंक दिया।

लूटपाट और टैक्सी लेकर फरार
आरोपियों ने घायल चालक से पैसे लूटे, उसकी सोने की अंगूठी छीनी और टैक्सी लेकर फरार हो गए। दिलचस्प बात यह है कि आरोपी टैक्सी को होशियारपुर (पंजाब) में लावारिस छोड़ आए थे, जिसकी सूचना पंजाब पुलिस ने पहले ही दे दी थी।
उधर, जब परिजनों का चालक से कोई संपर्क नहीं हुआ तो उन्होंने व्यक्ति को ढूंढने का प्रयास किया। मगर उसका कहीं से कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद रविवार सुबह परिजन पुलिस थाना मझीण पहुंचे और गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज करवाई गई।
आरोपी अरेस्ट
पुलिस ने जब तकनीकी विश्लेषण और साक्ष्यों के आधार पर अमित और सुरेश को दबोचा, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस जंगल पहुँची, जहाँ चालक मेहर सिंह अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तुरंत टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

Our passionate journalist at Newsghat, dedicated to delivering accurate and timely news from Paonta Sahib, Sirmaur, and rural areas. With a focus on community-driven stories, we ensures that every report reaches you with clarity and truth. At Newsghat, it’s all about “आपकी बात”!

