सिरमौर: Instagram पर शॉपिंग के नाम पर महिला से 5.64 लाख की ठगी, CBI गिरफ्तारी की धमकी देकर डराया
सिरमौर जिले के पच्छाद क्षेत्र में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां सराहां की रहने वाली एक महिला कथित साइबर ठगी का शिकार हो गई। ठगों ने महिला को कस्टम विभाग में सामान पकड़े जाने और गिरफ्तारी का डर दिखाकर उससे कुल 5 लाख 64 हजार रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Instagram पर शॉपिंग पेज देखकर किया था संपर्क
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता भावना शर्मा पुत्री देवेंद्र शर्मा निवासी गांव एवं डाकघर सराहां, तहसील पच्छाद ने इस मामले में शिकायत दर्ज करवाई है। महिला ने Instagram पर एक शॉपिंग पेज देखा था। इसके बाद उसने पेज संचालक से बातचीत की और वहां से सामान मंगवाने का फैसला किया। शुरुआत में उसे सामान भेजने का भरोसा दिया गया।

कस्टम विभाग का डर दिखाकर मांगे पैसे
कुछ समय बाद महिला के पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने दावा किया कि उसका सामान कस्टम विभाग ने पकड़ लिया है। सामान छुड़ाने के लिए जुर्माना भरने को कहा गया। शिकायत के मुताबिक, पैसे नहीं देने पर मुकदमा दर्ज करवाने और CBI से गिरफ्तार करवाने की धमकी भी दी गई।

इसके बाद महिला को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार फोन आने लगे। कॉल करने वाले कथित तौर पर खुद को CBI और पुलिस विभाग का अधिकारी बताते थे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इन लोगों ने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर पुलिस और CBI अधिकारियों की तस्वीरें लगा रखी थीं। इस तरह महिला को डराकर कुल 5,64,000 रुपये की ठगी की गई।
साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर दी शिकायत
इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस थाना, CID शिमला से ऑनलाइन CCTNS एप्लीकेशन के माध्यम से जीरो FIR प्राप्त हुई। शिकायतकर्ता ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस थाना पच्छाद में मामला दर्ज किया गया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
ऑनलाइन खरीदारी करते समय रहें सतर्क
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर खरीदारी करते समय सावधानी बरतें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे न भेजें और कस्टम, पुलिस या CBI के नाम पर आने वाली धमकियों से घबराकर भुगतान न करें। साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं।


