सिरमौर: कोटड़ी व्यास के 8 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन, चंबा के चौगान मैदान में दिखाएंगे दमखम
कोटड़ी व्यास (सिरमौर)। जिला सिरमौर के शहीद कमलकांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास के विद्यार्थियों ने खेलों में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अंडर-19 जिला स्तरीय छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर विद्यालय के 8 खिलाड़ियों का चयन हिमाचल प्रदेश की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिला सिरमौर की टीम में हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
हैंडबॉल और रग्बी में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
विद्यालय के विद्यार्थियों ने हैंडबॉल और रग्बी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हैंडबॉल में आर्यन, प्रिंस, हर्ष निवासी उपली कोटरी और अंकित व्यास ने शानदार खेल दिखाते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई।

वहीं, रग्बी में ध्रुव और तरुण निवासी चांदपुर के साथ आर्यन निवासी उपली कोटरी तथा अंकित व्यास ने भी अपने प्रदर्शन से जिला टीम में स्थान हासिल किया। इन खिलाड़ियों की मेहनत और खेल के प्रति लगन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में खेलेंगे मैच

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए चयनित खिलाड़ियों ने 12 से 14 अक्टूबर तक गवर्नमेंट पीएम श्री स्कूल, तारुवाला, पांवटा साहिब में आयोजित तीन दिवसीय कोचिंग कैंप में हिस्सा लिया। अब ये खिलाड़ी चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। प्रतियोगिता 15 अक्टूबर से शुरू होनी निर्धारित थी।
विद्यालय और क्षेत्र में खुशी की लहर
विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी और शिक्षक वर्ग ने सभी चयनित खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों तथा प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी अच्छा प्रदर्शन कर विद्यालय और जिला सिरमौर का गौरव बढ़ाएंगे।
विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान मान सिंह और सदस्यों, स्पोर्ट्स क्लब प्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, बीडीसी सदस्य राजेश चौधरी, पूर्व एवं वर्तमान पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों तथा स्थानीय खेल प्रेमियों ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई।
टीम के कोच धर्मेंद्र चौधरी ने खिलाड़ियों को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं। खिलाड़ियों के चयन से पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह है।


